जशपुर में ‘अंतरिक्ष संगवारी’: 10 हजार विद्यार्थियों से रूबरू हुए अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला
जशपुर में ‘अंतरिक्ष संगवारी’: 10 हजार विद्यार्थियों से रूबरू हुए अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला
जशपुर में ‘अंतरिक्ष संगवारी’: 10 हजार विद्यार्थियों से रूबरू हुए अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर, 4 फरवरी 2026।
जशपुर में आयोजित भव्य ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अपनी उपस्थिति से छात्रों को प्रेरित किया। रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस आयोजन में जिले के लगभग 10 हजार विद्यार्थियों ने भाग लेकर अंतरिक्ष विज्ञान की अनूठी झलक देखी।
अपने संबोधन की शुरुआत “जय जोहार” से करते हुए शुक्ला ने जशपुर के छात्रों के उत्साह की सराहना की और कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान में अपार संभावनाएं हैं, तथा यहाँ के बच्चे भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में अपने 18 दिवसीय प्रवास, अनुशासन, कठिन परिस्थितियों और वैज्ञानिक प्रयोगों के अनुभव बेहद सरल और प्रेरक अंदाज में साझा किए।
कार्यक्रम में चंद्रयान, मिशन मंगल, गगनयान और अंतरिक्ष से जुड़े मॉडल व प्रदर्शनी ने बच्चों का ध्यान आकर्षित किया। एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित उनके अंतरिक्ष सफर के वीडियो ने स्टेडियम में मौजूद छात्रों को रोमांचित कर दिया। इसी अवसर पर ‘The Magic of the Night Sky’ पुस्तक का विमोचन तथा क्विज, स्लोगन और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान भी किया गया।
बच्चों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में शुक्ला ने कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही दिशा किसी भी लक्ष्य तक पहुँचने की कुंजी है। सीमित संसाधनों में तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट आज ज्ञान के विशाल स्रोत हैं—बस सही उपयोग जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि अशोक चक्र से सम्मानित शुभांशु शुक्ला ए-एक्स-4 मिशन का हिस्सा रहे हैं। जशपुर में उनका यह संवाद बच्चों के लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सपनों को पंख देने वाला ऐतिहासिक क्षण बन गया।


