पांचवीं पत्नी की हत्या कर रची साजिश, 5 किमी दूर जंगल में पेड़ पर लटकाई लाश
पांचवीं पत्नी की हत्या कर रची साजिश, 5 किमी दूर जंगल में पेड़ पर लटकाई लाश
पांचवीं पत्नी की हत्या कर रची साजिश, 5 किमी दूर जंगल में पेड़ पर लटकाई लाश
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर, 15 फरवरी 2026 : बलरामपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पति ने अपनी पांचवीं पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर से पांच किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया।
मामला बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झपरा का है। यहां रहने वाला 58 वर्षीय गुना राम अपनी पत्नी बंधनी बाई (50) के साथ पिछले करीब 20 वर्षों से रह रहा था। दंपति मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी।
शक बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले कई वर्षों से पत्नी के चरित्र पर शक करता था। 11 फरवरी को बंधनी बाई बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी और अगले दिन लौटी। पत्नी के एक दिन बाद घर पहुंचने से आरोपी का शक और गहरा गया।
12 फरवरी को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आगबबूला आरोपी ने डंडे और हाथ-मुक्कों से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने अपने साथी लखन कुम्हरिया (50) को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को घर से करीब पांच किलोमीटर दूर लातापानी जंगल में ले जाकर पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो।
पुलिस ने खोला राज
शव मिलने के बाद जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


