सीएएफ जवान की हत्या: रायपुर में बैठकर पत्नी ने प्रेमी से कराई थी हत्या, नदी की रेत में दफनाया गया था शव
सीएएफ जवान की हत्या: रायपुर में बैठकर पत्नी ने प्रेमी से कराई थी हत्या, नदी की रेत में दफनाया गया था शव
लोक सीजी न्यूज़, जशपुर नगर | 9 फरवरी 2026: बलरामपुर जिले के ग्राम सतीसेमर स्थित सेंदूर नदी में 29 जनवरी को मिले छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के प्रधान आरक्षक विश्वनाथ केरकेट्टा (52) की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जांच में पता चला कि जवान की दूसरी पत्नी क्लॉस्टिका केरकेट्टा (31) ने अपने प्रेमी विवेक टोप्पो (31) के साथ मिलकर उसकी हत्या करवाई थी।
कैसे हुआ पूरा खुलासा
शव की पहचान होने के बाद एसपी वैभव बैंकर के निर्देशन में जांच शुरू हुई। पूछताछ में पत्नी और उसके प्रेमी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। दोनों को 3 फरवरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
वर्ष 2023 में क्लॉस्टिका की फेसबुक पर विवेक टोप्पो से पहचान हुई थी।
दोनों ने चोरी-छिपे तातापानी मंदिर में शादी कर ली थी।
मृतक को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो घर में विवाद बढ़ने लगे।
साथ रहने की खातिर दोनों ने विश्वनाथ को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
धोखे से बुलाया और खुरपी से हत्या
विवेक ने 14 जनवरी की शाम विश्वनाथ को सेंदूर नदी किनारे बुलाया।
वहां लोहे की खुरपी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
बाद में शव को नदी किनारे रेत में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया।
सबूत छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद विवेक मृतक का मोबाइल, बैग और दस्तावेज घर से लेकर फरार हो गया ताकि उसकी पहचान न हो सके।
उधर पत्नी क्लॉस्टिका 22 जनवरी को रायपुर से गांव आई और दिखावे के लिए पति की खोजबीन करती रही, जबकि उसे पता था कि हत्या हो चुकी है।
परिवारिक पृष्ठभूमि
विश्वनाथ केरकेट्टा रायगढ़ जिले के ग्राम सलियापाा का निवासी था और दंतेवाड़ा में पदस्थ था। क्लॉस्टिका उससे दूसरी पत्नी के रूप में शादी कर सतीसेमर में रहती थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिन्हें पढ़ाई के लिए रायपुर में शिफ्ट किया गया था।


