खाप पचायत की तर्ज पर टुल्लू पम्प चोरी मामले को लेकर पंचायत, एक आरोपी मामले से हुआ इतना आहत की फांसी लगाकर दी दी जान

खाप पचायत की तर्ज पर टुल्लू पम्प चोरी मामले को लेकर पंचायत,  एक आरोपी मामले से हुआ इतना आहत की फांसी लगाकर दी दी जान
दोनो आरोपियों के साथ सबके सामने की गई, गाली गलौज और मारपीट

खाप पचायत की तर्ज पर टुल्लू पम्प चोरी मामले को लेकर पंचायत

सरपंच की दुकान पर दो युवकों के साथ मारपीट और प्रताड़ना और उसका वीडियो बनाकर कर दिया वायरल

एक आरोपी मामले से हुआ इतना आहत की फांसी लगाकर दी दी जान

लोक सीजी न्यूज/ जशपुरनगर 11 अप्रैल 2026 : जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ढोढ़ीडांड गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां टुल्लू पम्प चोरी के आरोप में ग्रामीणों द्वारा कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के बाद एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नकुल राम के रूप में हुई है, जिसने 9 अप्रैल को गांव के ही एक बगान में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को गांव में टुल्लू पम्प और पाइप चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में नकुल राम और रामलाल राम पर आरोप लगाए गए थे। दोनों को ग्रामीणों की बैठक में बुलाया गया, जहां उन्होंने चोरी की बात स्वीकार भी कर ली थी। इसके बावजूद मामला थाने तक नहीं पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल को फिर से एक बैठक सरपंच की दुकान के पास हुई, जहां मृतक के परिजनों के अनुसार नकुल और रामलाल के साथ मारपीट की गई, गालियां दी गईं और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो में पूछताछ के दौरान नकुल को डंडे से पीटते हुए भी देखा जा सकता है।

मानसिक रूप से टूट कर एक ने दे दी जान

मृतक के जीजा कामेश्वर चौहान का आरोप है कि चोरी का मामला होने के बावजूद पुलिस में शिकायत नहीं की गई और ग्रामीणों ने खुद ही सजा देने का प्रयास किया। इस पूरे घटनाक्रम से नकुल मानसिक रूप से टूट गया और अंततः उसने आत्महत्या कर ली।

इधर, कुनकुरी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना अधिकारी सब इंस्पेक्टर राकेश सिंह के अनुसार, चोरी की कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------