स्कॉर्पियो और बुलेट पर खतरनाक स्टंट: वायरल वीडियो के बाद जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वाहन जब्त
स्कॉर्पियो और बुलेट पर खतरनाक स्टंट: वायरल वीडियो के बाद जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वाहन जब्त, मामला न्यायालय में पेश
स्कॉर्पियो और बुलेट पर खतरनाक स्टंट: वायरल वीडियो के बाद जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वाहन जब्त, मामला न्यायालय में पेश
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 16 फरवरी 2026 : सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंटबाजी के वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जशपुर पुलिस ने संबंधित युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के सारुडीह (किनकेल) का है, जहां खुले पठार पर युवकों द्वारा जानलेवा स्टंट किए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व सारुडीह के पठार में काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर कुछ किशोर एवं युवक खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आए थे। वायरल वीडियो में युवक चलती स्कॉर्पियो की खिड़की से शरीर बाहर निकालकर तथा हाथ में बोतल लहराते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते दिखे। वहीं बुलेट मोटरसाइकिल पर भी स्टंटबाजी की जा रही थी। यह कृत्य न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन था, बल्कि किसी भी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने जैसा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान स्टंट में शामिल काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक JH-01-FC-1960 तथा बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक JH-01-BN-4563 को चिन्हित कर बरामद किया गया।
जांच में पाया गया कि स्कॉर्पियो ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का (उम्र 25 वर्ष) के नाम से पंजीकृत है और घटना के समय वही वाहन चला रहा था। बुलेट मोटरसाइकिल बाधरकोना निवासी एक व्यक्ति की बताई गई है, जिसमें एक युवती स्टंट करती हुई वीडियो में दिखाई दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। साथ ही स्टंटबाजी में शामिल एक अन्य बिना नंबर की स्कॉर्पियो वाहन को भी चिन्हित किया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की चाह में कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


