अंबिकापुर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 21 सूत्रीय मांगों पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
अंबिकापुर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 21 सूत्रीय मांगों पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
अंबिकापुर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की 21 सूत्रीय मांगों पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 16 मार्च 2026 : अंबिकापुर के गांधी चौक स्थित श्री दुर्गा शक्ति पीठ में सरगुजा संभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ के बैनर तले विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों जशपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी और कोरिया से आए पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की 21 सूत्रीय मांगों को लेकर चर्चा करते हुए सभी संगठनों ने एक मंच पर एकजुट होकर आंदोलन और अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई तथा जशपुर जिले की कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रमुख रूप से नियमितीकरण, पेंशन व्यवस्था और कार्यस्थल पर हो रही परेशानियों जैसे मुद्दों को उठाया गया। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ता-सहायिकाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए भी आवाज उठाने की बात कही गई।
बैठक में सभी संगठनों ने मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ आगे की रणनीति तय करने और अपने हक-अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया।


