जशपुर को मिली बड़ी सौगात: 4.36 करोड़ की लागत से बनेगा पुल, बरसात में नहीं रुकेगा सफर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को एक और महत्वपूर्ण सौगात दी है। बोड़ाछापर–चटकपुर मार्ग स्थित चंपाझरिया नाला पर अब उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 4 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जशपुरनगर/लोक सीजी न्यूज़

बरसात के दौरान चंपाझरिया नाला के उफान पर आने से आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों और किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पुल बनने से यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी और हर मौसम में सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही संभव हो सकेगी।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पुल के निर्माण से कुनकुरी और दुलदुला क्षेत्र के कारीछापर, सारसबाहर, राजोटी, बेलघुटरी, रायकेरा, रामसागर और टेंगरा टुकु सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पुल तैयार होने के बाद ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और अन्य सुविधाओं तक सुगम पहुंच मिलेगी। साथ ही कृषि उपज और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का परिवहन भी निर्बाध रूप से हो सकेगा।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय के लिए आभार जताते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब होने जा रहा है। उनका मानना है कि यह पुल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
“जनसुविधा और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुल बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और विकास की गति और तेज होगी।