वन भूमि पर कब्जे की एक और कोशिश नाकाम जंगल क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग ने दो बोरिंग वाहन किया जप्त
वन भूमि पर कब्जे की एक और कोशिश नाकाम जंगल क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग ने दो बोरिंग वाहन किया जप्त
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 29 मार्च 2026/ वन विभाग ने जशपुर जिले के सन्ना क्षेत्र में वन भूमि पर हो रही कब्जे की एक और कोशिश को नाकाम किया है।
रविवार को वन क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन की प्राप्त सूचना पर वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। अवैध बोर खनन में लगे 2 वाहनों को जप्त किया गया। ग्रामीणों द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना देने पर वनमण्डलाधिकारी जशपुर शशि कुमार के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सन्ना अंतर्गत परिक्षेत्र सहायक तोरा, परिक्षेत्र सहायक सन्ना, बी. एफ.ओ. कामारिमा, चलनी, धनगुरी एवं बगीचा परिक्षेत्र के वन अमले द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई।
वन अमले द्वारा कक्ष क्रमांक पी 303 में पंचों एवं गवाहों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि बोरवेल खनन का कार्य वन भूमि के अंदर अवैध रूप से किया जा रहा था, जिससे वन क्षेत्र एवं जैव विविधता को गंभीर क्षति पहुंचने की संभावना थी। मौके पर कार्य को तत्काल रुकवाया गया तथा संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
दातुनपानी का राजेश यादव कर रहा था वन भूमि पर कब्जा
पूछताछ में वाहन चालक सल्लू राम ग्राम मनोहरपुर एवं गोधन कोमा ग्राम नर्राटोला जिला बालौद द्वारा बताया गया कि यह कार्य राजेश यादव ग्राम दातुनपानी के निर्देश पर किया जा रहा था। साथ ही यह भी बताया गया कि संबंधित वाहनों के मालिक रमेश जायसवाल निवासी बिलाईगढ़ जिला बलौदाबाजार हैं। वन विभाग द्वारा उक्त अवैध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए ट्रक क्रमांक सीजी 22 एएफ 7660 एवं सीजी 22 एएफ 7659 को जब्त किया गया। इस संबंध में वन अपराध के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है।


