आधी रात को गरबा देखकर घर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत नेशनल हाईवे 43 पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर दोनों युवकों की मौके पर ही मौत
जशपुर से होकर गुजरने वाली गुमला - कटनी नेशनल हाईवे क्रमांक 43 सड़क पर जशपुर के गम्हरिया में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो ग्रामीण युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आधी रात को गरबा देखकर घर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत
नेशनल हाईवे 43 पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर दोनों युवकों की मौके पर ही मौत
आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़े, मृतकों के शव भी छत्त विछत
लोक सीजी न्यूज़/जशपुरनगर :- जशपुर से होकर गुजरने वाली गुमला - कटनी नेशनल हाईवे क्रमांक 43 सड़क पर जशपुर के गम्हरिया में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो ग्रामीण युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जशपुर से गरबा कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की मोटरसाइकिल और कुनकुरी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जशपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र की है।
दुलदुला के सेंदवारटोली के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कमलेश्वर राम पिता बूटीया राम (40 वर्ष) और बूधनाथ साय पिता स्व. आनंद साय (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सेंदवारटोली थाना दुलदुला के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार दिन में जशपुर शहर आए थे और यहां दशहरा गरबा कार्यक्रम देखने के बाद देर रात लगभग 12 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुनकुरी की ओर से आ रही बोलेरो गाड़ी ने ग्राम गम्हरिया के पास उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
घटना की सूचना पर जशपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद घटनास्थल से भागने की कोशिश कर रहा बोलेरो चालक ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक ग्राम गम्हरिया का ही निवासी है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सिटी कोतवाली प्रभारी आशीष तिवारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि, ग्राम गम्हरिया में बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपी बोलेरो चालक को हिरासत में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


